आज हम क्या पढ़ेंगे ?
दोस्तों स्वागत है आप सबका मेरे इस नए ब्लॉग में। दोस्तों आप सभी को पता है कि टैली, अकाउंटिंग का कितना महत्वपूर्ण सॉफ्टवेयर है इसलिए आपको टैली का पूरा ज्ञान होना बहुत ही आवश्यक है।
आज के इस ब्लॉग के जरिए मैं आपको टैली की विशेषताओं के बारे में बताऊंगा।
अगर आपको यह नहीं पता कि टैली क्या है? तो मेरा पिछला ब्लॉग पढ़ें।
टैली की विशेषताएं (Features of Tally)
इस प्रमुख एकाउण्टिंग सॉफ्टवेयर की मुख्य सामान्य विशेषताएं निम्नलिखित हैं :
(1) सरलता (Simplicity)- टैली के प्रारम्भिक संस्करणों में भी यह विशेषता थी। इसी विशेषता के कारण यह लोकप्रिय हुआ। टैली विश्व के सबसे सरल और सम्पूर्ण व्यावसायिक एकाउण्टिंग सॉफ्टवेयर्स में से एक है। यदि कोई फाइनेशियल एकाउण्टिंग का सामान्य ज्ञान रखता है, तो वह टैली का प्रयोग सरलता और दक्षता से कर सकता है। इसके लिये उसे विभिन्न देनदार और लेनदार, सम्पत्ति (Assets) और देनदारियां (Liabilities), जमा (Debit) और घटा (Credit), पूंजी (Capital) जैसे सभी एकाउण्टिंग के अवयवों में भेद कर, उनका सही स्थान पर उचित प्रयोग करने के बारे में ज्ञान होना आवश्यक है।
(2) लचीलापन (Flexibility)-टैली शुरू से ही अपने अन्दर बहुत ही लचकदार रही है। लचीलेपन से आशय है कि आप इसके अन्दर बनायी जाने वाली रिपोर्टों को अपनी आवश्यकतानुसार ढाल सकते हैं। आपका व्यापार चाहे जितना छोटा हो और चाहे जितना बड़ा हो, टैली दोनों स्तरों पर खरा उतरता है और इसका लचीलापन इसे इस लायक बनाता है कि इसको प्रयोग करने में कोई परेशानी न हो।
(3) गति (Speed)—टैली में तीव्र गति से कार्य किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की रिपोर्ट को टैली पल भर में बनाकर प्रस्तुत करता है। टैली के इस संस्करण में किसी विशेष तिथि अथवा किन्हीं विशेष दिनों के लिये डेटा का विश्लेषण करके उससे सम्बन्धित रिपोर्टों को तीव्र गति से मॉनीटर स्क्रीन पर देखा और प्रिन्ट किया जा सकता है।
(4) बहुआयामी (Multi-Dimensional) – टैली एक बहुआयामी सॉफ्टवेयर है। टैली में आप एकाउण्टिंग और इन्वेंट्री के साथ-साथ सर्विस टैक्स, टीडीएस, प्वॉइन्ट ऑफ सेल्स, पेरोल आदि से सम्बन्धित कार्य भी कर सकते हैं, जिसके कारण इसे एक बहुआयामी रूप मिलता है। इसके अतिरिक्त अब टैली ओडीबीसी कम्पटेबल भी है। अब आप इसमें ओडीबीसी का प्रयोग कर सकते हैं। ओडीबीसी का तात्पर्य है-ओपन डेटाबेस कनेक्टिविटी टैलो में दी गयी यह एक ऐसी विशेष सुविधा है, जिसके द्वारा आप एमएस वर्ड, एमएस एक्सेल, फॉक्सप्रो, ओरेकल जैसे सॉफ्टवेयरों में स्थित डेटा को टैली में प्रयोग करके अपनी रिपोर्ट में शामिल कर सकते हैं। अपने विजिनेस को भली-भांति मैनेज करने के लिये आपको जिन सूचनाओं की आवश्यकता होती है, टैली के इस नवीनतम संस्करण में आप उन सूचनाओं को देकर इच्छित रिपोर्टों को पल भर में तैयार कर सकते हैं। रिपोर्टों की फॉरमेट में भी आवश्यकतानुसार परिवर्तन सम्भव है।
(5) संवैधानिक रिपोर्टें (Statutory Reports) - टैली में बिजिनेस से सम्बन्धित लगभग सभी प्रकार की संवैधानिक रिपोर्टों को सरकारी प्रारूप के अनुरूप तैयार किया जा सकता है। इन रिपोर्ट्स को मैनुअली तैयार करने में जहां घण्टों/दिन लग जाते थे, वहीं टैली में यह कार्य पल भर में हो जाता है। ये रिपोर्ट भले ही सेल्स टैक्स से सम्बन्धित हो या फिर टीडीएस से सम्बन्धित हो, बस रिपोर्ट का प्रारूप चुनना है और टैली में एन्टर किए गए डेटा के आधार पर रिपोर्ट पल भर में तैयार हो जाती है।
(6) इनफॉरमेशन शेयरिंग (Information Sharing)-टैली की सहायता से हम अपने व्यापारिक साझेदारों के साथ विभिन्न सूचनाओं को भी शेयर (Share) कर सकते है। इस प्रकार अब हम अपने बिजनेस पार्टनर्स तथा एसोसिएट्स के साथ विभिन्न सूचनाएं शेयर (Share) करते हुए अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान की कार्य-क्षमता को बढ़ा सकते हैं और इसके लिए हमें कोई अतिरिक्त व्यय भी नहीं करना होता है, मात्र इतना ही सोचना पड़ेगा कि हमें किस सूचना को शेयर (Share) करना है। टैली में प्रदत्त इस सुविधा के प्रयोग से हम किसी भी रिपोर्ट को अपनी वेबसाइट पर भी प्रकाशित कर सकते हैं। टैली अपनी रिपोर्टों को एचटीएमएल फॉरमेट में भी प्रस्तुत करने में सक्षम है। टैली की इस सुविधा का प्रयोग करके व्यापार को एक नया आयाम दिया जा सकता है।
(7) इनफॉरमेशन इन्टीग्रेशन (Information Integration) - टैली में बिजिनेस सम्बन्धी इनफॉरमेशन्स को अच्छी तरह इन्टीग्रेट करके बिजिनेस की पहले से बेहतर प्लानिंग की जा सकती है। टैली में जैसे ही परचेज़ ऑर्डर बनाया जाता है, तो टैली उसे स्वतः ही इलैक्ट्रॉनिक रूप से इन्टरनेट के जरिये सप्लायर के पास भेजने में सक्षम है। ठीक इसी प्रकार इनवाइस भेजते ही टैली इसे खरीददार के पास इलैक्ट्रॉनिक रूप से इन्टरनेट के जरिये भेज सकता है। टैली में जोड़ी गई ये सुविधायें ऑफिस को पेपरलैस बनाने में सहायक हैं।
(8) इन्टरनेट कॉम्पेटिबल (Internet Compatible)- अब टैली को पूरी तरह इन्टरनेट कॉम्पेटिबल बनाया गया है। इन्टरनेट की बढ़ती लोकप्रियता और प्रयोग के कारण टैली के निर्माताओं ने भी टैली के इस नये संस्करण में इन्टरनेट से डेटा के लेन-देन, विभिन्न रिपोर्टों को भेजना और पाना इन्टरनेट के माध्यम से इलैक्ट्रॉनिक रूप से अल्प समय में सम्भव बना दिया है। टैली में दी गयी इन्टरनेट सम्बन्धी सुविधा का प्रयोग करके हम अपने साथी बिजनेस पर्सन्स के साथ बहुत ही कम समय में डेटा का आदान-प्रदान करके अपना अमूल्य समय बचा सकते हैं और अपने बिजिनेस को भी नया आयाम प्रदान कर सकते हैं। टैली के नवीनतम् संस्करण टैली 9 के द्वारा सभी रिपोर्टों और डॉक्यूमेन्टों जैसे-प्राइस लिस्ट, डिलीवरी नोट, बिल, सेल और परचेज़ ऑर्डर, डेबिट और क्रेडिट नोट, स्टॉक पोजीशन आदि को इलैक्ट्रॉनिक रूप से भेजा जा सकता है। अब तो हम टैली में स्टोर किये गये डेटा का प्रयोग करके मेलिंग लेबल बना सकते हैं। इस सुविधा के प्रयोग से हमको अपने सप्लायरों और ग्राहकों के लिये अलग से डेटाबेस मैनेजमेन्ट करने की आवश्यकता नहीं होती है।

0 टिप्पणियाँ