Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Accounting क्या है? Business में इसके क्या-क्या लाभ हैं : पूर्ण जानकारी।

एकाउंटिंग का परिचय

किसी भी प्रतिष्ठान के कार्य को सुचारू और व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए उसके समस्त कार्य की प्रगति पर नजर रखने और कार्य ठीक ढंग से हो रहा है, यह सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सूचनाओं को एकत्र किया जाता है और इन सूचनाओं के आधार पर प्रतिष्ठान के भविष्य का नियोजन (Planning) किया जाता है। इसके लिए प्रतिष्ठान का केन्द्रबिन्दु होता है, प्रतिष्ठान का कार्यालय। प्रतिष्ठान सरकारी, अर्द्धसरकारी अथवा निजी हो, सभी के लिए कार्यालय की आवश्यकता होती है।

वस्तुतः लेन-देन से सम्बन्धित जानकारी को एक निश्चित रूप में संचित करने को ही हम एकाउंटिंग कह सकते हैं। किसी भी व्यापारिक प्रतिष्ठान अथवा कार्यालय के लिए यह आवश्यक है, उसके लेन-देन को नियोजित ढंग से क्रमबद्ध श्रृंखला में संग्रहीत किया जाए। व्यापारिक लेन-देनों को एक सैद्धान्तिक रूप देकर नियमानुसार लिपिबद्ध करना ही 'Book Keeping' अथवा 'लेखांकन' अथवा लेखा-विधि या Accounting कहलाता है। आधुनिक युग वैज्ञानिकता एवं विशिष्टीकरण का युग है। यदि इसे उद्योगों और व्यापार की उन्नति का युग भी कह दिया जाए, तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। प्रत्येक व्यवसायी तथा उद्योगपति को पग-पग पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वे यह जानने की प्रबल इच्छा रखते हैं कि वर्षपर्यन्त की सभी सम्पूर्ण गतिविधियों का एक निश्चित परिणाम क्या है, जिससे एक निश्चित समय के पश्चात् लाभ अथवा हानि तथा आर्थिक स्थिति का ज्ञान हो सके। अर्थात् दिन-प्रतिदिन के व्यापारिक लेन-देनों का सौदों को निर्धारित पुस्तकों में निश्चित विधि से लिखने की पद्धति को ही बुक-कीपिंग अथवा लेखांकन कहते हैं। यही कारण है कि आज पुस्तपालन (Book Keeping) तथा लेखाकर्म का महत्व बढ़ता जा रहा है। 

प्रसिद्ध अर्थशास्त्री स्मिथ के शब्दों में, "लेखा-विधि अथवा लेखांकन अथवा एकाउण्टिंग, आर्थिक क्रियाओं (Economic Activities) के परिणामों को मानने एवं उन्हें व्यक्त करने का साधन है।" फाइनेन्शियल एकाउण्टिंग निश्चित सिद्धान्तों पर आधारित एक ज्ञान है, जिसका आशय प्रभावपूर्ण विधि से लिखे गए लेखों को वर्गीकृत करना, सूक्ष्म बनाना और प्राप्त परिणामों से निष्कर्ष निकालने से है।

एकाउंटिंग के लाभ (Benifits of Accounting)

एकाउण्टिंग से व्यवसायों, उपभोक्ताओं, सरकार तथा अन्य पक्षों को निम्नलिखित लाभ प्राप्त होते हैं--

  1. व्यवसायी को लाभ (Benefits to businessman)
बुक कीपिंग तथा फाइनेन्शियल एकाउण्टंग से व्यवसायी-वर्ग को निम्न लाभ प्राप्त होते हैं--
  • भूल से बचाव-- कोई भी व्यापारी समस्त लेन-देनों को मौखिक याद नहीं रख सकता। इसीलिए इस भूल से बचने के लिये उसे बुक कीपिंग तथा फाइनेन्शियल एकाउंटिंग की आवश्यकता होती है। 
  • करों का उचितत निर्धारण-- बुक कीपिंग तथा फाइनेन्शियल एकाउण्टिंग के सुव्यवस्थित होने पर व्यापारी आयकर एवं बिक्रीकर अधिकारियों से करों का उचित निर्धारण करा सकता है।
  • ऋण वसूली में सुविधा-- नियमानुसार रखे गए हिसाब के लेखों की सहायता से व्यापारी को ऋण वसूली में सुविधा रहती है, क्योंकि इस प्रकार रखे गए लेखे न्यायालय में अच्छा प्रमाण माने जाते हैं।
  • तुलनात्मक अध्ययन सम्भव-- नियमानुसार रखे गए लेखों की सहायता से व्यापारी विभिन्न वर्षों के लाभों की तुलना कर सकता है। व्यापारी अपने व्यापार की तुलना उसी प्रकार के अन्य व्यापारियों के व्यापारों से भी कर सकता है कि व्यापार में कितनी वृद्धि हुई है।
  • नए व्यापारी (साझेदार) के प्रवेश में सहायक-- उचित प्रकार से रखे गए लेखे नए साझेदार के प्रवेश के समय बड़े सहायक होते हैं, क्योंकि ख्याति की राशि का निर्धारण प्रायः गत वर्षों के लाभों के आधार पर ही किया जाता है। व्यापार में नए साझेदार को हिसाब किताब के आधार पर ही पूंजी लेकर आनी पड़ती है।
  • व्यापार की आर्थिक स्थिति का ज्ञान-- बुक कीपिंग तथा फाइनेन्शियल एकाउण्टिंग के अध्ययन से व्यापारी को उसके व्यापार की सम्पत्तियों तथा दायित्वों की आर्थिक स्थिति का सदैव ज्ञान रहता है। उसे व्यापारिक क्षेत्र में दूसरों से क्या लेना है तथा दूसरों को क्या देना है, इस बात का ज्ञान व्यापारी को बुक कीपिंग तथा फाइनेन्शियल एकाउंटिंग की सहायता से हो जाता है।

2. उपभोक्ताओं को लाभ (Benefits to Consumers)

बुक कीपिंग तथा फाइनेन्शियल एकाण्टिंग के ज्ञान से उपभोक्ता वर्ग को निम्नांकित लाभ होते हैं -

  • उचित बिक्री मूल्य-- सही एवं पूर्ण लेखों की सहायता से वस्तु का लागत मूल्य ज्ञात किया जाता है, जिसके आधार पर उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर वस्तुओं की प्राप्ति होती है।
  • ठगे जाने का भय न होना-- इसके द्वारा उपभोक्ताओं की वस्तुओं के लागत मूल्य का ज्ञान हो जाता है, इससे उसे वस्तु के क्रय में ठगे जाने का भय नहीं होता है।

3. सरकार को लाभ (Benefits to Government)

आज बुक कीपिंग तथा एकाउंटिंग का महत्व सरकार ने भी मान लिया है। इसके निम्न कारण हैं -

  • वित्तीय सहायता निर्धारण में सहायक-- सरकार व्यवसायियों को उनके द्वारा रखे गये लेखों के आधार पर ही वित्तीय सहायता देती है।
  • देश की व्यावसायिक व औद्योगिक स्थिति का ज्ञान-- बुक कीपिंग एवं फाइनेन्शियल एकाउण्टिंग के आंकड़ों के द्वारा सरकार को देश की व्यावसायिक व औद्योगिक स्थिति का ज्ञान प्राप्त होता है।
  • राष्ट्रीयकरण में सहायक-- बुक कीपिंग तथा फाइनेन्शियल एकाउण्टिंग के आकड़ों से प्राप्त सूचनाओं से सरकार को राष्ट्रीयकरण में सहायता मिलती है।

 

बुक कीपिंग तथा फाइनेन्शियल एकाउंटिंग के अध्ययन से व्यवसाय के विनियोगकर्ताओं, लेनदारों तथा अन्य सभी पक्षों को लाभ प्राप्त होता है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

MS WORD 2007 के मेन्यूज़